अरेराज में उत्पाद पुलिस को बड़ी सफलता: 24 लीटर चुलाई शराब और स्कूटी के साथ तस्कर गिरफ्तार

अरेराज (पूर्वी चंपारण): बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने को लेकर उत्पाद पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में अरेराज उत्पाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गोविंदापुर पुल के पास से 24 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, अरेराज उत्पाद थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गोविंदापुर पुल के रास्ते भारी मात्रा में शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया।

घेराबंदी कर दबोचा गया तस्कर

गठित टीम में शामिल सब-इंस्पेक्टर (SI) उत्पल कुमार, अजीत कुमार सिंह और पुलिस बल के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोविंदापुर पुल के पास सघन छापेमारी की। इस दौरान एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से लगभग 24 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब और स्कूटी को जब्त कर तस्कर को हिरासत में ले लिया।

न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी

अरेराज उत्पाद पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। उत्पाद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *