चार साल बाद भी वार्ड 8 की कुछ गलियों में नाला नहीं, विकास के दावों पर सवाल

चार साल बाद भी वार्ड 8 की कुछ गलियों में नाला नहीं, विकास के दावों पर सवाल
अरेराज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 की कई गलियों में वर्षों बाद भी नाला निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। गलियों में जलजमाव होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है तथा गंदगी और बदबू से बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत चुनाव के दौरान क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए थे। चुनाव समाप्त हुए लगभग चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है.
वार्डवासियों का कहना है कि एक ओर अरेराज को विकसित शहर बनाने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर वार्ड संख्या 8 की मूलभूत समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं। लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, तो विकास के दावे कैसे सही माने जाएं।
इधर अगले वर्ष नगर पंचायत चुनाव भी होने वाला है। ऐसे में वार्ड के लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि चार वर्षों में भी नाला जैसी बुनियादी समस्या का समाधान नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द नाला निर्माण कराने की मांग की है, ताकि जलजमाव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *