मोतिहारी: उत्पाद पुलिस की बड़ी सफलता, बनपरुवा गांव के पास छापेमारी में 70 लीटर शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

मोतिहारी: उत्पाद पुलिस की बड़ी सफलता, बनपरुवा गांव के पास छापेमारी में 70 लीटर शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी (अरेराज): बिहार में पूर्ण शराबबंदी को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए मद्य निषेध विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज उत्पाद पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्पाद थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के कुशल नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई ने शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मचा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के बनपरुवा गांव के रास्ते शराब की एक खेप तस्करी के लिए ले जाई जाने वाली है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। सत्यापन के बाद इंस्पेक्टर इमरान अंसारी और दारोगा अजित कुमार सिंह ने पुलिस बल के जवानों के साथ चिन्हित स्थल बनपरुवा गांव के समीप सघन घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में एक बाइक सवार को आते देखा गया, जिसे पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रोक लिया। जब बाइक की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। तस्कर ने बड़ी चालाकी से भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब छिपा रखी थी। नाप-तौल के बाद पुलिस ने कुल 70 लीटर चुलाई शराब बरामद की और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी मौके पर ही जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी तस्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने क्षेत्र में चल रहे शराब के अवैध नेटवर्क के बारे में कई अहम सुराग दिए हैं। कार्रवाई के पश्चात उत्पाद विभाग ने पकड़े गए शराब कारोबारी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती और ग्रामीण इलाकों में गश्ती तेज कर दी गई है और भविष्य में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी ताकि जिले को पूर्णतः नशामुक्त बनाया जा सके। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
ब्यूरो रिपोर्ट, मोतिहारी।



Leave a Reply